राज्य
20-Mar-2026


जयपुर (ईएमएस)। ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि गर्मी में आमजन को पेयजल और विद्युत व्यवस्था को लेकर कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन एवं विभागीय अधिकारी प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें। साथ ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को एलपीजी सिलेंडर की वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने एवं जमाखोरी व कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नागर टोंक जिला परिषद सभागार में जिले में संचालित विकास कार्यो, बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए निर्बाध पेयजल व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। नए हैण्डपंप व नलकूप लगाने के साथ पुराने हैण्डपंप व नलकूपों को दुरुस्त करने का कार्य भी नियत समय पर करें। ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने 15 विभागों की 25 फ्लैगशिप योजनाओं में जिले की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन योजनाओं से पात्र लोगों को सतत् रुप से जोडऩे के लिए निर्देशित किया। जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने बजट घोषणों की प्रगति की जानकारी देते हुए भूमि आंवटन, आवश्यक संसाधन, पूर्ण प्रगतिरत एवं लंबित कार्यो के बारे में अवगत कराया। साथ ही राज्य स्तर पर लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। नागर ने विद्यालयों भवनों की स्थिति एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर जिला कलेक्टर को कमेटी बनाकर जांच कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण, समय, लंबित स्थिति एवं शिकायतकर्ता के संतुष्टी स्तर को लेकर गहन समीक्षा की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा संपर्क पोर्टल की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। अशोक शर्मा/ 5 बजे/20 मार्च 2026