राज्य
20-Mar-2026


जयपुर (ईएमएस)। जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक ने सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं के अनुक्रम में विकास कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार और जिला कलक्टर श्री काना राम भी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में की गई बजट घोषणाओं को जनहित से जुड़ी बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पडऩे पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नोटिस, जुर्माना एवं ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।प्रभारी मंत्री ने हम्मीर ब्रिज निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे पर उन्होंने रेलवे ब्लॉक शीघ्र लेकर अप्रैल माह में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। ठिगला स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में गुणवत्ता में कमी एवं अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए। विद्यालयों में चल रहे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। अशोक शर्मा/ 5 बजे/20 मार्च 2026