राज्य
20-Mar-2026


वाराणसी (ईएमएस)। नमो घाट पर आयोजित “काशी वंदन” कार्यक्रम में मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। इस अवसर पर अधिकारी द्वय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत पर प्रकाश डाला। मंडलायुक्त एस राजलिंगम द्वारा उपस्थित समूह का स्वागत करते हुए सभी को वासंतिक नवरात्र की शुभकामनाएं दी । उन्होंने बताया कि लगभग 500दिन पहले उन्होंने इस कार्यक्रम की कल्पना की थी ताकि काशी आने वालों को यहां की संस्कृति देखने को शाम में संगीत तथा कला से भरा मंच मिले जिससे लोग आनंदित होकर यहां की संस्कृति, सभ्यता को आत्मार्पित कर सकें। कार्यक्रम को 500 दिन हो गए तब से निरंतर कार्यक्रम चल रहा। मंडलायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि काशी की पहचान उसकी अद्वितीय परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना एवं सांस्कृतिक विविधता में निहित है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने उपस्थित समूह, श्रोता तथा कलाकारों का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए सभी को हिंदू नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिला प्रशासन के इस कार्यक्रम को लगातार सफल संचालित करने हेतु समिति को बधाई भी दी। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग से इस कार्यक्रम के विस्तार हेतु बजट आवंटित हुआ है जिससे इसको और विस्तृत स्वरूप दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि “काशी वंदन” कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित प्रसिद्ध डॉ सुचारिता गुप्ता, अंशुमान महाराज का भी स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीत, संगीत एवं नृत्य ने काशी की जीवंत संस्कृति को दर्शाया। इस अवसर पर अन्य प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। डॉ नरसिंह राम / 20 मार्च 26