क्षेत्रीय
20-Mar-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | पुरानी छावनी इलाके में ग्वालियर-मुरैना रोड पर आई हॉस्पिटल के पास एक ट्रक ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें महिला की मौत हो गई, जबकि पिता और पुत्र घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। घायलों को राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से जेएएच के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्ट मार्टम के बाद भजन को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी वाहन की तलाश कर रही है और हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। जानकारी के अनुसार मुरार के नदीपार टाल श्रीनगर कॉलोनी रामसहाय की बगिया निवासी 22 वर्षीय रिंकू जाटव, उसके पिता नाथूराम जाटव व गीता कुमारी किसी काम से गुरुवार को मुरैना नूराबाद गए थे। रिश्तेदार से मिलने के बाद शाम को तीनों बाइक से लौट रहे थे। बाइक नाथूराम जाटव चला रहा था। पीछे बेटा रिंकू व पत्नी गीता बैठी थी। अभी वह नूराबाद से निकलकर ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना की सीमा में हाई हॉस्पिटल के सामने से गुजर रहे थे, तभी हाइवे पर मुरैना की ओर से आ रहे ट्रक RJ11 GD-5901 ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सिर के बल जमीन पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी वाहन चालक भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए तीनों घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया है। जहां घायल गीता कुमारी ने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया, जबकि घायल रिंकू सिंह जाटव, नाथूराम जाटव की हालत नाजुक बनी हुई है।