गुना/राधोगड़(ईएमएस) राजनीति में जहां अक्सर जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच दूरी देखने को मिलती है, वहीं राघौगढ़ में आज एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सादगी, आत्मीयता और जनसेवा की मिसाल पेश कर दी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय कोठी बाग के सामने स्थित प्रतिष्ठित भगत नमकीन के संचालक शेरू के जन्मदिन के अवसर पर आज कार्यालय परिसर में खासा उत्साह और अपनापन देखने को मिला। जन्मदिन के अवसर पर शेरू स्वयं विधायक जयवर्धन सिंह से मिलने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बड़े ही विनम्र भाव से अपने जन्मदिन की जानकारी दी और मिठाई एवं कचौड़ी लेकर वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आमजन को नाश्ता कराया। इस दौरान पूरे माहौल में आत्मीयता और उत्साह का वातावरण बना रहा। शेरू ने इस अवसर पर विधायक जयवर्धन सिंह से अपनी दुकान पर आने का आग्रह भी किया, जिसे विधायक जी ने सहर्ष स्वीकार किया। जनसुनवाई समाप्त होने के पश्चात विधायक जयवर्धन सिंह सीधे शेरू की दुकान भगत नमकीन पहुंचे। वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद जो दृश्य सामने आया, उसने सभी का दिल जीत लिया — विधायक जी ने स्वयं अपने हाथों से वहां मौजूद लोगों को नाश्ता परोसा और सभी के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने शेरू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सादगीपूर्ण और आत्मीय व्यवहार की खुलकर सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि विधायक जयवर्धन सिंह का यही सरल स्वभाव और जनता के बीच रहने की शैली उन्हें खास बनाती है। वे केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उल्लेखनीय है कि राघौगढ़ की यह प्रतिष्ठित दुकान भगत नमकीन वर्षों से अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए जानी जाती है। यहां की मिठाइयां आज भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (राजा साहब) को विशेष रूप से भेजी जाती हैं, जो इस दुकान की विश्वसनीयता और परंपरा को दर्शाता है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनसेवा केवल शब्दों में नहीं, बल्कि व्यवहार और आत्मीयता में झलकती है और यही पहचान राघौगढ़ की राजनीति को अलग बनाती है। (सीताराम नाटानी)