क्षेत्रीय
20-Mar-2026
...


- मुद्दों की कसौटी पर 36 उम्मीदवार मैदान में जबलपुर, (ईएमएस)। रानी दुर्गावति विश्वविदयालय के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के चुनाव इस बार केवल पदों की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कर्मचारियों के लंबित मुद्दों और अधिकारों की बहाली का सवाल भी केंद्र में है। 25 मार्च को होने वाले मतदान में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए 36 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव प्रक्रिया ने विश्वविद्यालय परिसर में गतिविधियों को तेज कर दिया है। अध्यक्ष पद पर प्रेम प्रकाश पुरोहित, संजय यादव और वीरेन्द्र सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तीनों प्रत्याशी कर्मचारियों के हितों, पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता, वेतन विसंगतियों के निराकरण और प्रशासन के साथ संवाद मजबूत करने जैसे मुद्दों को अपने एजेंडे में प्रमुखता दे रहे हैं। कर्मचारियों के बीच यह चर्चा है कि आगामी कार्यकारिणी को लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी होगी। अवकाश के बीच घर-घर संपर्क....... चुनाव प्रचार के दौरान अवकाश के चार दिन आने से रणनीति में बदलाव किया गया है। प्रत्याशी 22 मार्च तक कर्मचारियों के घरों तक पहुंचकर व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं। इसके बाद 23 और 24 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में औपचारिक प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इस बार व्यक्तिगत संवाद और भरोसे की राजनीति को निर्णायक माना जा रहा है। अन्य पदों पर भी बहुकोणीय मुकाबला........... उपाध्यक्ष पद के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर भी एक से अधिक दावेदार चुनावी समर में हैं। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 15 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी प्रो. राकेश वाजपेई ने अंतिम सूची जारी कर दी है। कर्मचारियों की अपेक्षाएं ज्यादा… विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि नई कार्यकारिणी से वे समयबद्ध पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार, स्थानांतरण संबंधी स्पष्ट नीति और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा रखते हैं। पिछले कार्यकाल के अनुभवों को देखते हुए इस बार मतदाता उम्मीदवारों के वादों के साथ उनकी कार्यशैली और सक्रियता को भी परख रहे हैं। सुनील साहू / शहबाज / 20 मार्च 2026