राष्ट्रीय
20-Mar-2026


पूरे इलाके में जयकारे गूंजने लगे, लोगों ने लिया मंदिर बनाने का संकल्प पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी में आस्था और रहस्य का एक अनोखा संगम दिखाई दिया। राजा बिगहा में तब सनसनी फैल गई, जब चैती छठ की तैयारियों के लिए तालाब की खुदाई कर रहे ग्रामीणों को जमीन के भीतर से भगवान श्रीकृष्ण की अत्यंत प्राचीन और भव्य काली प्रतिमा प्राप्त हुई। मूर्ति के मिलते ही पूरे इलाके में जयकारे गूंजने लगे और देखते ही देखते वहां श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हालांकि, इस खुशी के बीच छाता गांव के ठाकुरबाड़ी मंदिर से हुई करोड़ों की मूर्तियों की चोरी का गम भी क्षेत्र में बरकरार है, जिसका सुराग पुलिस अब तक नहीं लगा है। भक्तों ने बरामद मूर्ति की पूजा अर्चना शुरू कर दी, जिससे माहौल भक्तिमय बन गया। बताया जाता है कि आसपास के दूषित पानी रोकने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा तालाब खुदाई हो रही थी। ताकि लोग इसमें चैत छठ कर सके। अचानक मौजूद लोगों की नजर जमीन के अंदर दबी मूर्ति पर पड़ी। पुरानी मूर्ति मिलते ही भगवान श्रीकृष्ण का जयकारा लगाने लगे। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण का संकल्प लेकर पूजा अर्चना में लीन हो गए। रामनवमी से पहले मूर्ति चोरी होने से ग्रामीण मायूस तीन दिन पहले चुराई गई श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की बेशकीमती मूर्तियों का सुराग नहीं मिला। 16 मार्च की रात मसौढ़ी के छाता गांव स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर से चुराई गई बेशकीमती श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी का अष्टधातु मूर्तियों का सुराग पुलिस को नहीं मिला है। छाता ठाकुरबाड़ी से चुराई गई अष्टधातु मूर्तियां सात करोड़ रुपए से अधिक की थी। आशीष दुबे / 20 मार्च 2026