- औषधीय पादपों पर राष्ट्रीय स्तर के क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का शुभारंभ जबलपुर, (ईएमएस)। राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार और जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के पादप क्रिया विज्ञान विभाग के तत्वाधान में कृषि महाविद्यालय, जबलपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार में दो दिवसीय औषधीय पादपों पर राष्ट्रीय स्तर की क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का उद्घाटन डॉ. महेश कुमार दधीच, सीईओ, राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के मुख्यआतिथ्य एवं अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. धीरेन्द्र खरे की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में वेटरनरी यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. मनदीप शर्मा, भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं मुख्यवक्ता डॉ. दिनेश कुलकर्णी, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय एग्रो इकोनॉमी सेंटर, नईदिल्ली, प्रमोद चैधरी, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय, जबलपुर डॉ. जयंत भट्ट, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अमित शर्मा, डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. ज्ञानेन्द्र तिवारी मंचासीन रहे। मुख्यअतिथि की आसंदी से डॉ. महेश कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन औषधीय पौधों के क्षेत्र में उभरते रूझानों पर मंथन और भविष्य की रणनीति विषय पर एक बेहतरीन मंच है। आरसीएफसी सेंटर, मध्यक्षेत्र के उद्घाटन के अवसर पर डॉ. महेश ने कहा कि यह केन्द्र मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में ही नहीं काम करेगा अपतिु भविष्य में पूरे देश में नई दिशा प्रदान करेगा। डॉ. अखिलेश तिवारी ने स्वागत उद्बोधन एवं दो दिवसीय औषधीय पादपों पर राष्ट्रीय स्तर की क्रेता-विक्रेता बैठक की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेन्द्र तिवारी ने आरसीएफसी सेंटर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और कहा कि इस सेंटर के माध्यम से 1 हजार 900 प्रशिक्षण प्रदान किए जा चुके हैं। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अमित शर्मा द्वारा एवं आभार प्रदर्शन प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ. सी.बी.शुक्ला द्वारा किया गया। सुनील साहू / मोनिका / 20 मार्च 2026