क्षेत्रीय
20-Mar-2026
...


- लोधा-लोधी समाज ने दी सामूहिक श्रद्धांजलि ब्यावरा(ईएमएस)l विधानसभा क्षेत्र ब्यावरा के सुठालिया में शुक्रवार को 1857 की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोधा-लोधी समाज द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई और साज-सज्जा से हुई। समाजजनों ने रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा की सफाई कर परिसर को सजाया। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर समाज के प्रदेश अध्यक्ष इन्दर सिंह लववंशी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने रानी अवंतीबाई लोधी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया। उनका बलिदान आज भी समाज को देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। श्री लववंशी ने युवाओं से वीरांगना के आदर्शों को अपनाने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुठालिया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। -निखिल/ब्यावरा/20/3/2026