क्षेत्रीय
20-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट, कमर्शियल सिलेंडर की कमी और उससे प्रभावित आम जनजीवन व उद्योगों को लेकर कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा अंतर्गत भैंसमा तहसील में गैस सिलेंडर शव यात्रा निकाल तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। आप पार्टी के नेताओं ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को एक सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में गैस संकट के हालात सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। जब सरकार खुद दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम जनता को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है ? प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ₹500 में गैस सिलेंडर देने की “गारंटी” पूरी तरह फेल हो चुकी है। आज आम आदमी को घरेलू गैस सिलेंडर तक समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऊपर से घरेलू सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹115 की बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा की केंद्र की ग़लत नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ की जनता रसोई गैस (एलपीजी) और कमर्शियल गैस की अनियमित एवं अपर्याप्त आपूर्ति की गंभीर समस्या का सामना कर रही हैं। वर्तमान स्थिति में गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों का दैनिक जीवन अत्यंत प्रभावित हो रहा है। कमर्शियल गैस की आपूर्ति न होने से बाहर से आने वाले लोगों को होटल रेस्टोरेंट खाना नहीं मिल पा रहा है और जहां मिल रहा है वहां महँगा मिल रहा है। होटल रेस्टोरेंट वालों का भी जीवन यापन कठिन हो गया है। उन्होंने आगे कहा की आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ में संबंधित विभाग और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करें तथा गैस की कालाबाज़ारी पर रोक लगावें और छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने का सहयोग करें। साथ ही, गैस वितरण प्रणाली की निगरानी को सुदृढ़ करने एवं शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। अन्यथा आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में आम जनता के साथ इससे भी बड़ा व्यापक जन आंदोलन करेगी। आज के प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी की ओर से कोरबा लोकसभा सचिव शत्रुघन साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन, यूथ विंग अध्यक्ष आजाद बख्श, जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, जिला सचिव सपन बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष छवि लाल, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष ग्वेल, सीता राम राठिया, सोमराज ठाकुर, कुलेश्वर यादव, प्यारी लाल राठिया सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। 20 मार्च / मित्तल