कोलकाता(ईएमएस)। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से एक 40 साल के व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई। व्यक्ति की नाक और मुंह से खून बह रहा था। मृतक अरूप बंद्योपाध्याय दमदम इलाके के रहने वाले थे। उनके परिवार ने दावा किया कि बंद्योपाध्याय अपने चार साल के बेटे का इलाज कराने के लिए आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल गए थे। वे सुबह करीब 5 बजे हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़े थे। आरोप है कि लिफ्ट ऊपर जाने की बजाय अचानक झटका लगने के बाद बेसमेंट में चली गई। घटना के समय वहां कोई लिफ्ट ऑपरेटर मौजूद नहीं था। कुछ समय बाद लिफ्ट खुली और तीनों को बाहर निकाला गया। हालांकि, बंद्योपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनका बेटा और पत्नी सेफ हैं। हॉस्पिटल की तरफ से मौत का सटीक कारण नहीं बताया गया है। विनोद उपाध्याय / 20 मार्च, 2026