रांची (ईएमएस)। झारखंड की राजनीति में बयानबाजी और अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के खिलाफ लगातार की जा रही टिप्पणी के मामले में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी से तीन वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। इससे पूर्व योगेंद्र साव के घर को बुलडोजर चलाकर जमींदोज किया गया था। बता दें कि बीते कुछ दिनों से योगेंद्र साहू पार्टी लाइन गाइडलाइन से हटकर बयान दे रहे थे। बीते गुरुवार को भी उन्होंने हेमंत सोरेन के खिलाफ बयान दिया था। इस मामले को अनुशासन समिति ने गंभीरता से लिया। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि पार्टी की छवि और गठबंधन की साख के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी का मानना है कि योगेंद्र साव द्वारा बार-बार दिए जा रहे बयान संगठन के नियमों के खिलाफ थे और इससे राज्य में गठबंधन सरकार की छवि धूमिल हो रही थी। अगर कोई व्यक्ति पार्टी या गठबंधन की छवि खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना संगठन की जिम्मेदारी और जरूरत बन जाती है। इससे पूर्व हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को योगेंद्र साव के घर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन पर यह आवास बना था, वह खनन क्षेत्र के लिए अधिग्रहित और आवंटित भूमि है। सुबोध/२०-०३-२०२६