राष्ट्रीय
20-Mar-2026


इंदौर (ईएमएस)। शहर के तुकोगंज इलाके में रहने वाले प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है। अज्ञात बदमाशों ने फोन पर खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए पहले 10 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन कारोबारी द्वारा कॉल रिसीव न करने पर आरोपियों ने रकम बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दी। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत पीड़ित परिवार ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद तुकोगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की जांच कर रही है कि क्या यह कॉल वाकई गैंग से जुड़े लोगों ने किया था या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स और संदिग्ध नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले महू में भी इसी गैंग के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आ चुका है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन इस घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से ले रहा है। प्रकाश/20 मार्च 2026