लेख
21-Mar-2026
...


एचडीएफसी के कारण भारत का बैंकिंग सिस्टम खतरे में? भारत के सबसे बड़े निजी एचडीएफसी बैंक इन दिनों गंभीर सवालों के घेरे में है। 1 दिन में 9 फीसदी की गिरावट ने भारत के बैंकिंग सिस्टम को हिला कर रख दिया है। एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के अचानक एथिकल कंसर्न्स के कारण इस्तीफे ने न केवल शेयर बाजार को झकझोर दिया है। बल्कि निवेशकों और बैंक में बचत खाते और एफडी में जमाकर्ताओं के भरोसे को हिला कर रख दिया है। महज एक दिन में करीब एक लाख करोड़ रुपये का बैंक को पूंजी का नुकसान होना, बैंक की साख खत्म होने का संकेत है। बैंकिंग में भरोसा ही बैंक की सबसे बड़ी पूंजी होती है। भारत के बैंकिंग सिस्टम में एचडीएफसी बैंक का जो रुतबा था वह एक ही झटके में कमजोर पड़ गया है। इसका असर भारत के राष्ट्रीयकृत बैंकों और निजी बैंकों पर भी पड़ना तय है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया को स्थिति संभालने के लिए सामने आना पड़ा। रिजर्व बैंक को आश्वासन देना पड़ा, बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत है। निवेशकों और बैंक ग्राहकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सवाल यह है, अगर बैंक मे सब कुछ ठीक है। ऐसी स्थिति में बैंक के अध्यक्ष को “नैतिक आधार पर इस्तीफा देने का मुद्दा इतना बड़ा कैसे हो गया। एक अनुभवी प्रशासक को कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा देकर पद छोड़ना पड़ा? दीपक पारेख के नेतृत्व में बनी इस बैंक की पहचान हमेशा उच्च कॉर्पोरेट गवर्नेंस और पारदर्शिता के साथ कारोबार करने की रही है। एचडीएफसी मॉडल देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक आदर्श और नैतिक संस्थान के रूप में देखा गया है। ऐसे में वर्तमान घटनाक्रम उस विरासत और भरोसे पर सीधा सवाल खड़ा कर रहा है। यह संकट तकनीकी या परिचालन विफलता का नहीं है। बैंक और कंपनी के कारोबार में नैतिकता और प्रबंधन की विश्वसनीयता के संकट का भी है। बैंकिंग प्रणाली की नींव “ट्रस्ट” (विश्वास) पर टिकी होती है। करोड़ों लोग अपनी जीवन भर की कमाई बैंकों में इसलिए जमा करते हैं। उसे विश्वास होता है, बैंकों में जमा उसका पैसा पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा। जब उसकी आवश्यकता होगी, बैंक तुरंत उसे वापस करेगा। जब उसी संस्था के शीर्ष स्तर के पदाधिकारी नैतिकता पर सवाल उठाते हैं। इस स्थिति में निवेशकों और बैंक के जमाकर्ताओं का भरोसा डगमगाता है। शेयर बाजार के निवेशकों में अध्यक्ष के इस्तीफा के कारण घबराहट और बैंक के जमाकर्ताओं की चिंता इसकी प्रतिक्रिया है। हालांकि, बैंक ने इस इस्तीफे के बाद त्वरित रूप से केकी मिस्त्री को अध्यक्ष पद की अंतरिम जिम्मेदारी सौंपकर स्थिति को संभालने की कोशिश की है। केवल इस नियुक्ति से शेयर बाजार के निवेशकों और बैंक के जमाकर्ताओं का विश्वास बहाल नहीं होगा। इसके लिए पारदर्शी जांच, स्पष्ट जवाबदेही और ठोस सुधारात्मक कदम बैंक को उठाने होंगे। इस घटना का असर पूरे बैंकिंग सेक्टर को बड़ी चेतावनी है। तेजी से बढ़ते मुनाफे का लालच और बैंक के विस्तार की दौड़ में नैतिक मूल्यों की अनदेखी की गई है, तो इसके परिणाम कंपनी के लिए विनाशकारी साबित हो सकते हैं। एचडीएफसी बैंक के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती साख को पुनः स्थापित करने की है। बैंक में करोड़ों गरीबों एवं मध्यम वर्ग के लोग अपना पैसा जमा करते हैं। बैंक को जमाकर्ताओं को ब्याज देना पड़ता है। इसके लिए बैंक जमा पूंजी का फाइनेंस भी करते हैं। यदि जमाकर्ताओं का भरोसा टूटा और सभी जमाकर्ता एक साथ बैंक से पैसा वापस लेने की लाइन में लग जाते हैं। ऐसी स्थिति में बैंक को बचा पाना भगवान के बस में भी नहीं होता है। आने वाले समय में रिजर्व बैंक और सभी बैंकों के लिए सर्तकता महत्वपूर्ण है। सभी बैंक अपनी वित्तीय स्थिति को लेकर पारदर्शिता के साथ शेयर बाजार के निवेशकों और बैंक के जमा करताओं के बीच बैंक विश्वसनीयता बनाए रखे। एचडीएफसी बैंक की यह स्थिति भारतीय बैंकिंग के इतिहास में भरोसे के सबसे बड़े संकट के रूप में देखी जा रही है। भारत सरकार का वित्त मंत्रालय, रिजर्व बैंक, एचडीएफसी और अन्य बैंकों को इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करना होगा। जरा सी भी लापरवाही 2008 में जिस तरह से अमेरिका में लेहमेन ब्रदर्स की गड़बड़ी के बाद सैकड़ो बैंक दिवालिया हो गए थे। ठीक उसी तरह की स्थिति भारत में भी देखने को मिल सकती है। इसीलिए भारत सरकार और रिजर्व बैंक को बहुत ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ईएमएस/21/03/2026