खेल
22-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने आईपीएल से ठीक पहले उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को नसीहत दी है कि उन्हें लीग में सफलता या असफलता को जरुरत से ज्यादा महत्व नहीं देना होगा। पठान के अनुसार अगर वैभव अधिक सफल होते हैं तो भी उन्हें अपने पैर जमीन पर ही रखने चाहिये और अगर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं तो हताश नहीं होना चाहिये। उन्हें संतुलन बनाये रखना होगा। वैभव ने केवल 15 साल की उम्र में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया है। आईपीएल के पिछले सत्र में वह काफी अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे थे। तब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाया था। वह इस लीग में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। वहीं, अंडर-19 विश्व कप 2026 में भी वैभव का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। पठान ने कहा, वैभव के लिए यह बहुत जरूरी है कि वह सफलता या असफलता को अपने ऊपर हावी न होने दें। यह काफी नाज़ुक उम्र है, क्योंकि वह अभी सिर्फ 15 साल के हैं ऐसें में अगर वह बहकते हैं तो करियर खराब हो जाएगा। अभी उनके सामने संभावित रूप से 20 साल का पेशेवर करियर पड़ा है। आज के समय में, जहां लंबे समय तक टिके रहना हमेशा प्राथमिकता नहीं होती और करियर छोटे हो सकते हैं। इसके बाद भी आप फिर भी 6 से 8 सालों में बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। हालांकि, वैभव कहीं ज्यादा आगे जा सकते हैं। यह जरूरी है कि कोई लगातार उनके साथ एक मार्गदर्शक के तौर पर रहे, एक अच्छा मेंटोर जो समय के साथ उन्हें सहारा दे सके, ठीक वैसी ही भूमिका जैसी जैसी पिछले साल राहुल द्रविड़ ने उनके साथ कोच के तौर पर निभाई थी।पठान ने कहा कि वैभव को अपने खेल में सुधार करते रहना होगा ताकि वह विरोधी टीमों का शिकार न बने। उन्होंने कहा, उन्हें अपने खेल में लगातार सुधार करते रहना चाहिए। यह संभव है कि इस सत्र में टीमें उनके खिलाफ योजनाएं बनाएं, जैसे कि लगातार ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी करना और गेंद को उनकी पहुंच से दूर रखना। वैभव को इसका सामना करना होगा, भले ही इसमें आउट होने का खतरा हो। इसके साथ ही उन्हें अभिषेक शर्मा की तरह भी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। गेंदबाज उनके खिलाफ गति में लगातार बदलाव कर सकते हैं। अब देखना है कि वह हालात के अनुसार किस प्रकार अपने को ढ़ालते हैं। गिरजा/ईएमएस 22 मार्च 2026