क्षेत्रीय
22-Mar-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई की कुरार पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ दंगा करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तब की जब 22 साल की एक युवती और उसके दोस्तों ने शिकायत की कि ऑटो में चढ़ने को लेकर हुई एक छोटी सी कहासुनी के बाद उन पर हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता और उसके दोस्त मलाड (पूर्व) स्टेशन के बाहर बने ऑटो स्टैंड पर ऑटो का इंतज़ार कर रहे थे। जब उनकी बारी आई, तो दो अन्य महिलाओं ने लाइन तोड़कर ऑटो में बैठ गईं। उन दोनों महिलाओं ने उनके साथ झगड़ा किया और ऑटो से चली गईं। रात करीब 8 बजे, जब युवती और उसके दोस्त लक्ष्मण नगर पहुंचे तो वे दोनों महिलाएं 20 अज्ञात पुरुषों की भीड़ के साथ वहां आ गईं। आरोप है कि उन्होंने पीड़ितों को ऑटो से बाहर खींच लिया और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस मामले में कुरार पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ दंगा करने का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। संजय/संतोष झा- २२ मार्च/२०२६/ईएमएस