गुना (ईएमएस)। | शहर की जीवनदायिनी गुनिया नदी के पुनरुद्धार के लिए रविवार को कलेक्टर किशोर कन्याल ने एक बड़ी मुहिम का शंखनाद किया। विश्व जल दिवस के विशेष अवसर पर कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले और जल चिंतकों के साथ सुबह-सुबह नदी के उद्गम स्थल से लेकर विभिन्न क्षेत्रों का करीब 5.5 किलोमीटर पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। 6 महीने से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था और नदी के अस्तित्व पर मंडराते अतिक्रमण को देख कलेक्टर ने कड़े तेवर दिखाए। सोमवार से शुरू होगा एक्शन निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया कि सोमवार से गुनिया नदी की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मुहिम युद्ध स्तर पर शुरू होगी। उन्होंने नदी किनारे अवैध कब्जा करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कहा, अतिक्रमण खुद हटा लीजिए ताकि हमें तोड़ना न पड़े। कलेक्टर ने उद्गम स्थल के शुरुआती 4 किलोमीटर के दायरे को सबसे अधिक समस्याग्रस्त बताया, जहाँ गंदगी और अवैध निर्माण ने नदी का गला घोंट दिया है। मीडिया और महिलाओं से भावुक अपील भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने समाज के हर वर्ग से सहयोग मांगा। उन्होंने मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते हुए कहा, जब हम कार्रवाई करेंगे, तो संभव है कि कोई इमोशनल स्टोरी लेकर आपके पास आए। ऐसे समय में आप प्रशासन का साथ दें और अतिक्रमण करने वालों से कहें कि उन्होंने गलत किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से भी सीधा संवाद किया और पूछा, क्या आप हमारी इस कार्रवाई में प्रशासन का साथ देंगी? कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि गुनिया नदी को उसके वास्तविक स्वरूप में लौटाना एक सरकारी काम नहीं बल्कि एक जन आंदोलन होना चाहिए। त्योहारों के बाद और सख्त होगी कार्रवाई निरीक्षण में एडीएम, एसडीएम और समाजसेवी डॉ. पुष्पराग सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कलेक्टर ने साफ किया कि आगामी त्योहारों के तुरंत बाद शहर के अन्य हिस्सों में भी चिह्नित अतिक्रमणों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगरपालिका और संबंधित विभागों को तत्काल सफाई कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं ताकि बारिश से पहले नदी का प्रवाह सुगम हो सके।- सीताराम नाटानी