22-Mar-2026
...


झाबुआ (ईएमएस)जिला कलेक्टर द्वारा विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर द्वारा जिला आयुष कार्यालय झाबुआ में पदस्थ भ्रष्टाचार की आरोपिता सहायक ग्रेड-2 श्रीमती रत्नाप्रेम पंवार पति नरेन्द्रसिंह पंवार के विरुद्ध दर्ज किए गए प्रकरण के आधार पर कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इंदौर लोकायुक्त पुलिस द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध गुरुवार को की गई एक बड़ी कार्यवाही में जिले के आयुष कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 श्रीमती रत्नाप्रेम पंवार पति नरेन्द्रसिंह पंवार पर एक पेंशन प्रकरण को निबटाने के एवज में अपने पति के माध्यम से ₹10,000/- की रिश्वत लेने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस कार्यालय इंदौर द्वारा अपराध क्रमांक 0/7/2026 के अंतर्गत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधन) नियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। उक्त प्रकरण के आधार पर कलेक्टर नेहा मीना द्वारा यह निलंबन कार्यवाही की गई है। जिला कलेक्टर कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती पंवार का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय झाबुआ नियत किया गया है। उन्हें शासन के नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। ईएमएस/ डॉ. उमेश चन्द्र शर्मा/21/3/2026/