12 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल ढाका(ईएमएस)। बांग्लादेश के कुमिला शहर में शनिवार रात एक ट्रेन ने बस को टक्कर मार दी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 2:45 बजे पदुआ बाजार इलाके में हुआ, जब चटगांव से आ रही एक ट्रेन ने रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग ईद मनाने के लिए यात्रा कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद रेलवे ने लापरवाही के आरोप में दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही, इस घटना की जांच के लिए तीन अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा बढ़ाने की बात कही है। विनोद उपाध्याय / 22 मार्च, 2026