मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही का हालिया गाना ‘सरके चुनर’ के विवाद पर मशहूर इंफ्लूएंसर और ‘बिग बॉस’ के पूर्व कंटेस्टेंट राजीव दतिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट साझा करते हुए पूरे मामले को एकतरफा तरीके से देखने पर सवाल उठाए। राजीव का कहना है कि किसी भी गाने के लिए सिर्फ उस कलाकार को जिम्मेदार ठहराना, जो स्क्रीन पर दिखाई देता है, पूरी तरह से गलत है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि एक गाना बनने की प्रक्रिया काफी लंबी और जटिल होती है, जिसमें कई लोग शामिल होते हैं। गीतकार, गायक, निर्देशक, कोरियोग्राफर, कैमरामैन, प्रोड्यूसर और म्यूजिक लेबल जैसे कई हिस्सेदार मिलकर किसी गाने को तैयार करते हैं। ऐसे में अगर गाने के बोल या कंटेंट पर सवाल उठते हैं, तो उसकी जिम्मेदारी पूरी टीम पर आती है, न कि केवल एक चेहरे पर। राजीव ने यह भी कहा कि आमतौर पर एक गाने के निर्माण में 80 से 100 लोग शामिल होते हैं। ऐसे में यह मानना मुश्किल है कि इतने लोगों की टीम में किसी ने भी गाने के कंटेंट पर आपत्ति नहीं जताई होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सच में किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया या फिर इसे जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। अपने बयान में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गाने के बोल पहले से ही लिखे गए थे और उसी आधार पर पूरा प्रोजेक्ट तैयार किया गया। नोरा फतेही को यह गाना बाद में पेश किया गया, इसलिए केवल उन्हें दोष देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कंटेंट में समस्या थी, तो उसे शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। यह विवाद अब केवल एक गाने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे मनोरंजन उद्योग में जिम्मेदारी और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है। बता दें कि नोरा फतेही का हालिया गाना ‘सरके चुनर’ रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। गाने के बोल और इसकी प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि गाने को बैन करने तक की नौबत आ गई। सुदामा/ईएमएस 23 मार्च 2026