मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में आयोजित अमेजन प्राइम वीडियो के एक इवेंट में बॉलीवुड ऋतिक रोशन ने प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखने को लेकर अपनी दिलचस्पी जाहिर की। इसके लिए इंडस्ट्री के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर से सलाह भी मांगी। इस इवेंट में ऋतिक रोशन अपने दो नए ओटीटी शोज ‘मैस’ और ‘स्ट्रॉम’ के लॉन्च के लिए पहुंचे थे। स्टेज पर बातचीत के दौरान उन्होंने करण जौहर की जमकर तारीफ की और उन्हें अब तक का सबसे बेहतरीन प्रोड्यूसर बताया। इसी दौरान उन्होंने सीधे तौर पर सवाल किया कि अगर वह प्रोड्यूसर बनना चाहें, तो उन्हें क्या कदम उठाने चाहिए। ऋतिक के इस सवाल पर करण जौहर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्हें किसी विशेष ट्रेनिंग की जरूरत नहीं है। करण के मुताबिक, ऋतिक बचपन से ही फिल्मी माहौल में पले-बढ़े हैं, इसलिए उन्हें इस क्षेत्र की अच्छी समझ पहले से ही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऋतिक के पिता राकेश रोशन खुद एक सफल फिल्ममेकर रहे हैं और ऋतिक ने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी, जो उनके अनुभव को और मजबूत बनाता है। करण जौहर की इस बात पर ऋतिक रोशन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें काफी अच्छा और आत्मविश्वास से भरा महसूस हो रहा है। इवेंट के दौरान उन्होंने अपने दोनों आगामी शोज को लेकर भी जानकारी साझा की, जिनमें अलग-अलग तरह की कहानियां देखने को मिलेंगी। ‘मैस’ एक ऐसे ग्रुप की कहानी है, जो चोरी के इरादे से एक घर में घुसता है, लेकिन वहां हालात अचानक ऐसे बन जाते हैं कि उन्हें खुद अपनी जान बचानी पड़ती है। वहीं ‘स्ट्रॉम’ पांच महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती कहानी है, जो एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े घोटाले पर आधारित है। सुदामा/ईएमएस 23 मार्च 2026