- ईद मनाने मामा और नानी के साथ जा रही चार साल की मासूम की मौत, बाइक डिवाइडर से टकराई इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक सड़क हादसे में डिवाइडर से बाइक के टकराने के बाद चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा तिलकनगर थाना क्षेत्र के पीपल्याहाना ब्रिज पर हुआ। बच्ची मामा और नानी के साथ ईद मनाने रिश्तेदार के घर जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक ब्रिज पर डिवाइडर पर टकरा गई। इससे बच्ची घायल हो गई उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन बचाया नहीं जा सका। पुलिस के अनुसार मृतक मासूम का नाम इकरा पिता इरफान शाह उम्र चार वर्ष निवासी विजय पैलेस, माणिकबाग है। वह मामा और नानी के साथ बाइक से खजराना की तरफ जा रही थी। वह बाइक पर नानी की गोद में बठी हुई थी। ब्रिज पर उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई जिससे इकरा के सिर में चोट आई परिजन उसे तत्काल एम वाय लेकर पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 23 मार्च 2026