बिलासपुर (ईएमएस)। बिजनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन ने चुनावी माहौल को नई दिशा दी। सम्मेलन में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रचंड जीत का मंत्र दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का भारत तेज गति से विकास करने वाला नया भारत है, जो बड़े संकल्प लेकर उन्हें पूरा कर रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों—गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचा, डिजिटल परिवर्तन और राष्ट्रीय सुरक्षा—का उल्लेख किया। साहू ने हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि असम अब शांति, स्थिरता और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक मजबूत संगठन बनाएं और घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। सम्मेलन में जयंत मल्ला बरुवा और रतन कुमार राय सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विकास ही विश्वास है का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास किया गया। मनोज राज 23 मार्च 2026