23-Mar-2026


* पश्चिम रेलवे ने 8218 करोड़ से अधिक यात्री राजस्व अर्जित कर दर्ज की उल्लेखनीय वृद्धि अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के वाणिज्य विभाग में कार्यरत रेल कर्मचारियों के साथ “संवाद” कार्यक्रम का आयोजन आज अहमदाबाद मंडल में किया गया। यह संवाद सत्र तरुण जैन, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पश्चिम रेलवे एवं वेद प्रकाश, मण्डल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री विपणन) एवं मुख्य दावा अधिकारी, पश्चिम रेलवे जगदीश प्रसाद, अपर मण्डल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद मंजु मीना, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अहमदाबाद अन्नू त्यागी सहित वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों से वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी इस संवाद कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए, जिससे यह सत्र व्यापक प्रतिनिधित्व एवं सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यालय स्तर के नेतृत्व एवं मंडल स्तर के कर्मचारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा यात्री विपणन (Passenger Marketing), बुकिंग, आरक्षण एवं कैटरिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करना था। साथ ही, इस सत्र में फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों एवं नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। * रेल कर्मचारियों के साथ “संवाद” रेल कर्मचारियों (जैसे बुकिंग क्लर्क, रिजर्वेशन क्लर्क, कमर्शियल सुपरवाइजर, कमर्शियल इंस्पेक्टर, टिकट चेकिंग स्टाफ, कैटरिंग स्टाफ एवं अन्य वाणिज्य विभाग के कर्मचारी) को अपनी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ। फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यात्री सेवाओं में सुधार, कार्यकुशलता बढ़ाने एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। संवाद के दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल व्यवस्था, खानपान की गुणवत्ता, लिनेन की उपलब्धता एवं स्वच्छता से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को नीतियों एवं नई पहलों की जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रेरित किया गया। संवाद के माध्यम से प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच पारदर्शिता एवं विश्वास को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया। * प्रमुख उपलब्धियां पश्चिम रेलवे द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20 मार्च 2026 तक कुल रु. 8218.91 करोड़ का ओरिजनेटिंग यात्री राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.38% अधिक है। इसी अवधि में ओरिजनेटिंग यात्रियों की संख्या 1327.30 मिलियन दर्ज की गई। अहमदाबाद मंडल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 20 मार्च 2026 तक रु. 1755.94 करोड़ का यात्री राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 6.94% अधिक है। साथ ही, इस अवधि में 39.14 मिलियन यात्रियों को सेवाएं प्रदान की गईं। * राजस्व वृद्धि हेतु किए गए प्रमुख प्रयास यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा विभिन्न पहल की गईं, जिनमें प्रमुख रूप से: 20 मार्च 2026 तक 4,621 विशेष ट्रेन यात्राओं का संचालन किया गया, जिससे लगभग रु. 482.57 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ तथा लगभग 49.01 लाख यात्रियों को सुविधा प्रदान की गई। फरवरी 2026 तक 24 जोड़ी ट्रेनों में स्थायी रूप से 58 कोचों का विस्तार किया गया। अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने हेतु कुल 12,674 कोचों का संवर्धन किया गया, जिससे ₹86.64 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ। चालू वित्तीय वर्ष में 7 नई ट्रेनों की शुरुआत की गई। * यात्री सुविधा हेतु डिजिटल पहल यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से मुंबई मंडल द्वारा “सरल रिफंड सेवा” नामक डिजिटल पहल शुरू की गई है। इस सेवा के माध्यम से असफल डिजिटल लेनदेन पर रिफंड प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। अब यात्री टिकट काउंटर पर उपलब्ध QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। “संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को अपने विचार एवं सुझाव सीधे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला। यह पहल न केवल कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि यात्री सेवाओं में और अधिक सुधार लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सतीश/23 मार्च