व्यापार
23-Mar-2026
...


सेंसेक्स 1,836 अंक, निफ्टी 601 अंक गिरा मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट रही। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन एशियाई बाजारों में गिरावट के साथ ही बिकवाली हावी होने से भी बाजार टूटा। मध्यपूर्व में जारी संघर्ष से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा। अमेरिका और इजरायल और ईरान के बीच युद्ध लंबा चलने की आशंका से भी निवेशक बाजार से दूरी बनाये रखी। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक नीचे अकर 72,696.39 पर बंद हुआ जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 601.85 अंकों की गिरावट के साथ ही 22,512.65 पर खिसक गया। अमेरिकी-ईरान युद्ध के चौथे सप्ताह में प्रवेश करने के कारण तेज की कीमतें बढ़ने की आशंका से भी दुनिया भर के बाजार में गिरावट रही। इसी से घरेलू बाजार पर भी दबाव आया। इंट्रा-डे कारोबार में सेंसेक्स 73,732.58 पर खुलकर एक समय 1974.5 अंक करीब 2.64 फीसदी गिरकर 72,558.44 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि निफ्टी50 22,824.35 पर खुलकर एक समय 643 अंक या 2.75 फीसदी टूटकर 22,471.25 पर आ गया। निफ्टी इंडिया अस्थिरता सूचकांक में 19.11 फीसदी बढ़कर 27.17 पर पहुंच गया है। यह कारोबार के अंत में 17.17 फीसदी की बढ़त के साथ 26.73 पर बंद हुआ। वहीं व्यापक बाजारों में बेंचमार्क सूचकांकों से ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप में जहां 3.90 फीसदी की गिरावट रही। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 3.94 फीसदी की गिरावट आई। क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी कंस्ट्रक्शन ड्यूरेबल में 5 फीसदी से अधिक की गिरावट आई और यह सबसे अधिक नुकसान वाला क्षेत्र बन गया। निफ्टी रियल्टी 4.74 फीसदी की गिरावट और निफ्टी मेटल 4.97 फीसदी की गिरावट रही। इसके अलावा, निफ्टी बैंक में 3.72 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 3.16 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 2.49 फीसदी जबकि निफ्टी आईटी में सबसे कम 0.18 फीसदी की गिरावट रही। सेंसेक्स में आई इस गिरावट से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में करीब 14 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई, जिससे यह पहले (शुक्रवार) के 428.76 लाख करोड़ रुपए से गिरकर 415.11 लाख करोड़ रुपए हो गया। अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर ईरान को दी गयी धमकी से भी बाजार सहमा हुआ है। उससे भी बाजार में गिरावट का माहौल है। इससे पहले आज सुबह शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 73,732 पर खुला, लेकिन जल्द ही बिकवाली बढ़ने से यह करीब 1,300 अंकों की गिरावट के साथ 73,218 के स्तर तक नीचे आय। वहीं ‎निफ्टी 22,824 पर खुलने के बाद 22,700 के नीचे पहुंच गया। आज सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टाटा स्टील, स्टेट बैंक आफ इं‎डिया, एचडीएफसी बैंक और अडाणी पोर्ट जैसे शेयरों में 2 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति को बड़ा नुकसान हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर लगभग 421 लाख करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले सत्र में 428 लाख करोड़ रुपए से अधिक था। यानी निवेशकों के करीब 7.3 लाख करोड़ डूब गए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट मुख्य रूप से वैश्विक अनिश्चितता के कारण है और स्थिति सामान्य होने पर बाजार में स्थिरता लौट सकती है। एशिया के ज्यादातर बाजार सोमवार को गिरावट में रहे। जापान का निक्की 225 सोमवार को 3.3 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कॉपी इंडेक्स 4.6 फीसदी की गिरावट पर ट्रेड कर रहा है। वहीं अमेरिका के एसएंडपी 500 और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.51 फीसदी और 0.96 फीसदी गिरावट रही। ईएमएस 23 मार्च 2026