- जुलूस व बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर थाने में जुटे गौसेवक गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में गौवंश के बछड़े का सिर काटे जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किए जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक कैंट थाने पहुंच गए और जमकर विरोध जताया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों का जुलूस निकालने और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए धारा 187 बीएनएसएस के तहत आवेदन भी प्रस्तुत किया है। पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 149/2026 में धारा 325 बीएनएस के साथ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में इरशाद (35) निवासी जोशी कॉलोनी छाबड़ा (राजस्थान) हाल हड्डीमील गुना, आसिफ (21) और शाहरुख (25) निवासी हड्डीमील गुना शामिल हैं। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया। गौरतलब है कि 6 मार्च को इंडस्ट्रियल एरिया में गौवंश का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंचे गौसेवकों और स्थानीय लोगों ने आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन पशु का धड़ नहीं मिला। बाद में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बछड़े का सिर किसी धारदार हथियार से पेशेवर तरीके से काटा गया था, जिससे यह घटना सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित प्रतीत हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी गौसेवकों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि छोटे मामलों में पुलिस तुरंत जुलूस निकालती है, लेकिन इतने गंभीर अपराध में सख्ती क्यों नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई है। साथ ही प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। - सीताराम नाटानी