क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


- लगभग 62 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण ग्वालियर ( ईएमएस ) | किसान कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश भर में किसान सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इस कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 24 मार्च को ग्वालियर संभाग के दतिया जिले के भांडेर के मंडी प्रांगण में विशाल किसान सम्मेलन आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर लगभग 62 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। साथ ही शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में भाण्डेर की कृषि उपज मंडी प्रांगण में विभिन्न आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। दतियावासियों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से 62 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें दी जायेंगीं। इनमें मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, विद्युत विभाग, पुलिस, आवास एवं अधोसंरचना विकास तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 55 करोड़ से अधिक के 10 कार्यों का लोकार्पण शामिल एवं 7 करोड़ से अधिक लागत के 2 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास शामिल है। जिन कार्यों का लोर्कापण होने जा रहा है, उनमें पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन एवं कैंटीन निर्माण, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना अंतर्गत यात्री निवास, पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय भांडेर, ततारपुर स्टेडियम, पंडोखर धाम एवं रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह शामिल हैं। इसी प्रकार शिलान्यास होने वाले कार्यों में रतनगढ माता मंदिर पर 33-11 के.व्ही. उपकेन्द्र स्थापना तथा भाण्डेर में 50-50 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास भवन सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।