गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बमोरी बुजुर्ग में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय उसने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस वक्त उसकी पत्नी और बच्चे गहरी नींद में थे और उन्हें भनक तक नहीं लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बाबूलाल लोधा के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री (मकान निर्माण कारीगर) था। रविवार को बाबूलाल हमेशा की तरह काम पर गया था और शाम को घर लौटा था। उसी दौरान उसकी पत्नी भी दिनभर खेत में गेहूं की फसल काटकर वापस आई थी। पूरे परिवार ने साथ बैठकर भोजन किया और फिर सोने चले गए। रात के किसी पहर में जब सब सो रहे थे, तब बाबूलाल ने अपनी साफी (तौलिया) का फंदा बनाया और कमरे की छत में लगे लोहे के एंगल के सहारे झूल गया। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब पत्नी और बच्चों की नींद खुली, तो सामने का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बाबूलाल को फंदे पर लटका देख घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए और तुरंत कैंट थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।- सीताराम नाटानी