क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


- कलेक्टर जल संरक्षण के साथ सभी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर की अध्यक्षता में टीएल बैठक संपन्न मुरैना ( ईएमएस ) | कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने टीएल बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि संकल्प से समाधान अभियान में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा राहवीर योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, आयुक्त नगर निगम, समस्त एसडीएम, समस्त जिला अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर घर-घर जागरूकता फैलाएं, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपनी बेटियों का टीकाकरण कराएं। कलेक्टर ने इसे बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए इसे जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी जल संरचनाओं का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा उन पर हुए अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाए। उन्होंने पिछले सप्ताह की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डीपीसी को स्कूल चले अभियान की तैयारी पूर्ण करने एवं समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं प्रकाशन के निर्देश सभी राजस्व अधिकारियों को दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना एवं अपार आईडी के लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी छात्राओं की अपार आईडी बनाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान संचालित किया जाए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत भूमि संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु तहसीलवार जानकारी संबंधित तहसीलदारों से प्राप्त की। साथ ही उन्होंने सरसों भावांतर योजना एवं गेहूं उपार्जन की तैयारियों तथा मंडी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।