- शीतला माता क्षेत्र की हृदयविदारक घटना गुना (ईएमएस)। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत शीतला माता मंदिर क्षेत्र में सोमवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, लेकिन घटना के बाद जो मंजर दिखा उसने सबको हैरान कर दिया। घर में मातम के बजाय परिजनों के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया, जो घंटों तक चलता रहा। नशे की हालत में उठाया आत्मघाती कदम मृतक की पहचान शीतला माता मंदिर निवासी राजू (47 वर्ष), पिता शिवचरण सेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजू ने रविवार की देर रात घर के एक सूने कमरे में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो घर में कोहराम मचने के बजाय कलह शुरू हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन विडंबना यह रही कि अगले दो घंटों तक कोई भी परिजन शव के साथ अस्पताल जाने को तैयार नहीं था। घटनास्थल पर ही परिवार के लोग एक-दूसरे को इस मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए आपस में भिड़ते रहे। जांच से भी किया इनकार काफी जद्दोजहद के बाद कुछ परिजन जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली पुलिस को दिए बयानों में परिजनों ने दलील दी कि राजू ने अत्यधिक शराब के नशे में यह कदम उठाया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि परिजनों ने पुलिस से इस मामले में कोई भी मर्ग जांच न करने की लिखित मांग की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया है। - सीताराम नाटानी