- नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति हेतु निगम प्रशासन द्वारा रोजाना की जा रही गुणवत्ता की जांच कटनी (ईएमएस)। नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को स्वच्छ, गुणवतापूर्ण एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजाना पेयजल आपूर्ति के दौरान वार्डो में पहुंचकर जल गुणवत्ता की जांच की कराई जा रही है। इस हेतु निगम के जल कार्य विभाग की टीम द्वारा नगर के विभिन्न वार्डो में भ्रमण कर नागरिकों से आपूर्ति किये जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जानकारी ली जाकर पेयजल के नमूने एकत्रित कर उनका परीक्षण भी कराया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अशुद्धि या प्रदूषण की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार जल शोधन संयंत्रों, ओवरहेड टैंकों एवं वितरण पाइपलाइन की सतत निगरानी की जाकर क्लोरीनेशन की प्रक्रिया को भी नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाकर जल जनित बीमारियों की संभावना को न्यूनतम करने के प्रयास जारी है। उपयंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु रोजाना चलाये जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बाबू जगजीवन राम वार्ड, विवेकानंद वार्ड, बरही रोड, विश्राम बाबा वार्ड, सिविल लाइन , महात्मा गांधी वार्ड सहित नगर के अन्य विभिन्न स्थलों से पेयजल के नमूने लिए जाकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्यवाही की गई। उपयंत्री श्री श्रीवास्तव ने बताया कि जहां कहीं भी गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें पेयजल की गुणवत्ता में किसी प्रकार की समस्या प्रतीत हो, तो वे तुरंत नगर निगम को सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। नगर निगम का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके, जिसके लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। ईएमएस / 23/03/2026