- पी एम स्वनिधि योजना की कम प्रगति पर नोटिस जारी करने दिए निर्देश - अधिकारी आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण - निगमायुक्त सुश्री परिहार कटनी (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को नगर निगम के एम आई सी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिक योजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागीय प्रकरणों की संपूर्ण जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व वसूली, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, निर्माण कार्यों तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित मामलों एवं आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में 19 मार्च से प्रारंभ प्रदेशव्यापी “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नगर में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित निगम प्रशासन द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के साथ ही संचालित “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की पोर्टल में फीडिंग कर त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।बैठक के दौरान उपयुक्त श्री शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी रही। ग्रीष्मकाल के दौरान नागरिकों को पेयजल आपूर्ति की समस्या का सामना न करना पड़े इस हेतु समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश निगमायुक्त द्वारा जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों को देते हुए नगर के लीकेज पाइप लाइन मरम्मत, बिगड़े हैंडपंपों का प्राथमिकता से सुधार कार्य सहित नगर के विभिन्न वार्डो में चल रहे पाईपलाईन के विस्तार कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान वार्डो में प्रेशर की समस्या का निराकरण कराने, प्रति वर्षानुसार किराये से टैंकर लिये जाने कार्यवाही पूर्ण करने सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियों की प्लानिंग कर प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने के भी निर्देश दिए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को जन सुरक्षा से जुड़े शहर के समस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बहुमंजिला भवनों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं हैं या मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित करने के साथ ही शहर में विकसित हो रही अनधिकृत कॉलोनियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही बिना अनुमति के प्लॉटिंग एवं निर्माण कार्य करने वालों के विरुद्ध एफ.आई.आर की कार्यवाही करते हुए संबंधित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में निगमायुक्त ने आवासीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे कबाड़ व्यवसाय पर भी नियमानुसार कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान नगर के हितग्राहियों को 15 हजार, 20 हजार एवं 50 हजार रुपये हेतु ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा गहन नाराजगी व्यक्त की जाकर योजना के प्रभारी यश रजक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग अभियान रखे निरंतर जारी निगमायुक्त ने शहर में रोजाना बदलते मौसम के चलते मौसमी बीमारियों एवं मच्छरों पर नियंत्रण हेतु वार्डवार फगिंग एवं कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का अभियान जारी रखने के साथ ही नगर के सार्वजनिक मार्गो में विचरण करने वाले आवारा मवेशियों पर नाराजगी जाहिर की तथा पुनः वृहद अभियान चलाकर इस दिशा में कारगर कार्यवाही करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इस दौरान उन्होंने नगर के व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरा वाहन जानें तथा नदीपार स्थित शवदाह गृह के संचालन की अग्रिम कार्यवाही की भी जानकारी अधिकारियों से ली। योजनाओं के क्रियान्वयन में लाएं प्रगति निगमायुक्त ने निगम प्रशासन के माध्यम से संचालित संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ई- केवाईसी हेतु प्राप्त एवं लंबित आवेदनों की समीक्षा के दौरान समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण करने के साथ ही ई- ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के ऑनलाइन संचालन की हिदायत निगमायुक्त ने अधिकारियों को दी। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों, अतिक्रमण शाखा के दैनिक कार्यों, न्यायालयीन प्रकरणों, कर्मचारियों के प्रकरणों, जनगणना शाखा द्वारा भवन जनगणना हेतु वर्तमान में संपादित किये जा रहे कार्यो, ट्रांसपोर्ट नगर के व्यवस्थित संचालन हेतु वर्तमान में की जा कार्यवाही में गति लाने, सीवरेज योजना अंतर्गत हाउस सर्विस कनेक्शन के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के अलावा विद्युत शाखा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, अनिल जायसवाल, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जायेन्द्र प्रताप सिंह, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, विधि अधिकारी, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही। ईएमएस / 23/03/2026