राज्य
23-Mar-2026
...


:: गिरफ्तारी के विरोध में किशनगंज ओवरब्रिज पर चक्काजाम; पीथमपुर मार्ग घंटों रहा ठप, तनावपूर्ण शांति :: महू/इंदौर (ईएमएस) इंदौर के समीप महू के पातालपानी क्षेत्र में एक डॉक्टर द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने के बाद सोमवार को स्थिति विस्फोटक हो गई। पुलिस ने जहां मुख्य आरोपी डॉ. सईद खान पर मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (लव जिहाद) और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है, वहीं आरोपी के घर और क्लिनिक पर तोड़फोड़ व आगजनी करने के आरोप में पुलिस ने तीन ग्रामीणों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन गिरफ्तारियों के विरोध में सोमवार देर रात हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने किशनगंज नाका स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर चक्काजाम कर दिया, जिससे इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर यातायात घंटों ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि डॉ. सईद खान ने गुर्जरखेड़ा स्थित अपने क्लिनिक पर इलाज के दौरान उसे नशे का इंजेक्शन देकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। इन्हीं वीडियो के आधार पर वह पिछले चार माह से महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। रविवार को आरोपी ने उसे बेलामोर फार्महाउस बुलाकर पुनः ज्यादती की। घटना के बाद जब पीड़िता ने स्थानीय लोगों को आपबीती सुनाई, तो आक्रोशित भीड़ ने आम्बाचंदन स्थित आरोपी के घर और क्लिनिक पर हमला कर दिया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने घर के सामान में आग लगा दी और जमकर पथराव किया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन को महू कोतवाली और बडगोंदा थाने सहित अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। देर रात महू कोतवाली पुलिस ने तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने रात करीब 1 बजे आम्बाचंदन क्षेत्र से तीन आरोपियों - मनीष पाटीदार, छोटू पाटीदार और सचिन पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया। इन गिरफ्तारियों की खबर फैलते ही ग्रामीण और हिंदू संगठन भड़क गए। प्रदर्शनकारियों ने पहले महू कोतवाली थाने का घेराव कर नारेबाजी की और फिर किशनगंज नाका ओवरब्रिज पर धरना दे दिया। उनकी मांग है कि पीड़िता को न्याय दिलाने में मदद करने वालों पर कार्रवाई के बजाय आरोपी के अवैध निर्माणों को तत्काल ध्वस्त किया जाए। बडगोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि कानून हाथ में लेने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। प्रकाश/23 मार्च 2026