मुंबई (ईएमएस)। अपनी हालिया रिलीज फिल्म केरल स्टोरी 2 को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री उल्का गुप्ता चर्चा में बनी हुई हैं। फिल्म की रिलीज के बाद जहां एक ओर इसे लेकर विवाद और बहस तेज हुई, वहीं दूसरी ओर इसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है। इस फिल्म में तीन अलग-अलग राज्यों से जुड़ी कहानियों को दर्शाया गया है, जिनमें धोखे से धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मुद्दे को उठाया गया है। हाल ही में इंटरव्यू में उल्का गुप्ता ने फिल्म को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फिल्में समाज का आईना होती हैं और जो कुछ भी समाज में घटित होता है, उसे फिल्म निर्माता अपने नजरिए से प्रस्तुत करते हैं। उनके मुताबिक, अलग-अलग विषयों पर फिल्में बनती रहनी चाहिए, क्योंकि दर्शक कभी मनोरंजन के लिए, कभी सीख के लिए तो कभी भावनात्मक जुड़ाव के लिए फिल्में देखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह हमेशा उन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना पसंद करती हैं, जिनकी कहानी या किरदार उन्हें प्रभावित करता है। उल्का गुप्ता ने बताया कि उन्हें परिवार और दोस्तों से जो प्रतिक्रिया मिली है, वह बेहद भावनात्मक रही है। उनके अनुसार, फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने कहा कि इससे उनकी सोच पर गहरा असर पड़ा है और कुछ पहलुओं ने उनकी आंखें खोल दी हैं। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह की प्रतिक्रिया उनके लिए बेहद मायने रखती है। फिल्म से अपने जुड़ाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘केरल स्टोरी 2’ का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि जब उन्हें यह प्रोजेक्ट ऑफर हुआ, तो उन्होंने बिना किसी हिचक के इसे स्वीकार किया और पूरी तरह अपने किरदार पर ध्यान केंद्रित किया। उल्का का मानना है कि एक कलाकार को अपने काम पर फोकस रखना चाहिए, न कि उसके परिणामों पर। उन्होंने कहा कि अगर वह इस बात के बारे में सोचने लगें कि उन्हें कितना प्यार या सम्मान मिलेगा, तो वह अपने अभिनय पर पूरा ध्यान नहीं दे पाएंगी। बता दें कि फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज हुई थी और रिलीज से पहले ही इसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई थी। कुछ लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा करार दिया, तो वहीं कई दर्शकों ने इसे एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को उजागर करने वाली फिल्म बताया। विवादों के बीच भी फिल्म को देश के कई हिस्सों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसे लेकर उल्का ने खुशी जाहिर की। सुदामा/ईएमएस 24 मार्च 2026