मनोरंजन
24-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कई अनुभवी कलाकार नए लोगों को लगातार मेहनत करते रहने और अपने हुनर पर भरोसा रखने की सलाह देते हैं। हाल ही में एक्ट्रेस संदीपा धर ने अपना इसी तरह का एक खास अनुभव साझा किया, जिसने उनके करियर को लेकर नजरिया बदल दिया। संदीपा ने बताया कि उनकी यह सीख उनकी नई वेब सीरीज ‘चुंबक’ की शूटिंग के दौरान मिली, जहां उन्हें दिग्गज अभिनेत्री नीना गुप्ता के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि नीना गुप्ता अक्सर उन्हें अपने अनुभवों के जरिए समझाती थीं कि किसी भी काम को छोटा या बड़ा समझने की बजाय उसे पूरी ईमानदारी से करना चाहिए। संदीपा के मुताबिक, नीना गुप्ता ने एक शॉर्ट फिल्म ‘स्टूडेंट’ का उदाहरण देते हुए कहा था कि उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि यह काम आगे चलकर उनके लिए नए अवसरों के दरवाजे खोलेगा, लेकिन इसी के चलते उन्हें बाद में ‘बधाई हो’ जैसी सफल फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। संदीपा ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि कौन-सा काम किस प्लेटफॉर्म पर और किस दर्शक तक पहुंचेगा। ऐसे में जरूरी है कि कलाकार अपने काम पर फोकस रखे और हर प्रोजेक्ट को पूरी लगन से करे। उनका मानना है कि कहीं न कहीं कोई व्यक्ति आपके काम को जरूर देखता है और वही भविष्य में नए अवसरों का कारण बन सकता है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस सिद्धांत को जीवन में लगातार बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन यही सफलता की असली कुंजी है। नीना गुप्ता के करियर की बात करें तो उन्होंने लंबे संघर्ष के बाद इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। 1982 में फिल्म ‘साथ-साथ’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली नीना गुप्ता ने ‘मंडी’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘त्रिकाल’ और ‘गांधी’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया। इसके अलावा उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में भी खास पहचान बनाई और ‘सांस’ व ‘सिस्की’ जैसे लोकप्रिय शोज में नजर आईं। साल 2018 में ‘बधाई हो’ से उन्हें नई पहचान मिली, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवॉर्ड भी मिला। सुदामा/ईएमएस 24 मार्च 2026