- फरार सप्लायर समेत दो आरोपी गिरफ्तार, सीडीआर और बैंक ट्रांजेक्शन से खुला राज दुर्ग(ईएमएस)। जिले में अफीम तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए फरार सप्लायर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कुम्हारी थाना क्षेत्र में की गई। दरअसल, 17 मार्च 2026 को खारुन ग्रीन कॉलोनी में पुलिस ने गुरमेल सिंह के पास से 403 ग्राम अफीम और 14 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए थे। इस मामले में आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और बैंक खातों के लेनदेन का गहन विश्लेषण किया। इसी आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिव प्रसाद कुमार साहू (26 वर्ष), निवासी लांजी, थाना गुमला (झारखंड) और रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी (60 वर्ष), निवासी टाटीबंध हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रायपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी अवैध मुनाफे के लिए अफीम की सप्लाई और बिक्री में संलिप्त थे। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 11 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026