मियामी (ईएमएस)। इटली के टेनिस स्टार जैनिक सिनर ने मियामी ओपने टेनिस के चौथे दौर में पहुंचते ही दो रिकार्ड अपने नाम किये हैं। सिनर ने तीसरे दौर में फ्रांस के कोरेंटिन माउटे को 6-1, 6-4 से हराकर एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 26 सेट जीतने का रिकॉर्ड बनाने के साथ ही सर्बिया के अनुभवी खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का लगातार 24 सेट जीतने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।सिनर ने मियामी ओपन के दूसरे दौर में जीत के साथ ही जोकोविच के 24 सेट के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इसके बाद तीसरे दौर में जीत दर्ज करते ही वह जोकोविच से आगे निकल गए। इस मैच को सिनर ने एकतरफा अंदाज में जीता। सिनर ने पिछले साल नवंबर में पेरिस मास्टर्स से जीत का सिलसिला शुरू किया। उन्होंने बिना एक भी सेट गंवाए खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने इंडियन वेल्स में भी बिना सेट खोये जीत हासिल की। मियामी में दो जीत के साथ अब वह लगातार 13 मास्टर्स 1000 मैच भी जीत गये हैं।अब सिनर का अगला मुकाबला एलेक्स मिशेलसन से होगा, जिन्होंने एलेजांद्रो ताबिलो को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। सिनर के पास अब इंडियन वेल्स के अलावा मियामी ओपन जीतने का अवसर है। अंतिम बार ये उपलब्धि साल 2017 में रोजर फेडरर ने हासिल की थी। सिनर इस टूर्नामेंट में अगर लगातार जीतते हैं तो उनके पास विश्व का नंबर-1खिलाड़ी बनाने का अवसर है। इस टूर्नामेंट में नंबर एक की दौड़ में उनके प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्कारेज तीसरे दौर में सेबेस्टियन कोर्डा से हारकर पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।वहीं एक अन्य मुकाबले में फ्रासिस टिफोई ने जाकुब मेंसिक को 7-6, 4-6, 7-6 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया है। टियाफो अगले दौर में टेरेंस एटमाने का सामना करेंगे। ईएमएस 24 मार्च 2026