- मथुरा का परिवार सुरक्षित, स्थानीय लोगों ने की मदद ब्यावरा(ईएमएस)l नगर के ब्यावरा-भोपाल बायपास मार्ग पर हाईवे ट्रीट के सामने स्थित डिवाइडर लगातार सड़क हादसों का कारण बन रहा है। सोमवार देर रात भी यहां एक कार डिवाइडर से टकरा गई। मथुरा से भोपाल जा रहे अरुण सिंह का परिवार इस हादसे में सुरक्षित रहा, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, मथुरा निवासी अरुण सिंह अपने परिवार के साथ कार से भोपाल की ओर यात्रा कर रहे थे। हाईवे ट्रीट के सामने अंधेरे के कारण उन्हें डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और उनकी कार सीधे उससे जा टकराई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। इस डिवाइडर पर न तो रेडियम संकेतक लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था है। रात के समय वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह स्थान लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है। यहां पहले भी कई वाहन डिवाइडर से टकरा चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। - अंधेरे में नहीं दिखता डिवाइडर स्थानीय निवासी एडवोकेट श्रीनाथ दांगी ने बताया कि इस स्थान पर कई बार हादसे हो चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि डिवाइडर पर रेडियम पट्टियां लगाई जाएं और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की जाए, तो दुर्घटनाओं में काफी कमी आ सकती है। इस मार्ग पर भारी यातायात रहता है, इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभाग द्वारा सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम नहीं किए गए हैं। यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस मामले में एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि एनएचएआई के प्रबंधन से बात करेंगे ताकि डिवाइडर के आसपास लाइट और संकेतक की व्यवस्था करे। स्थानीय स्तर पर भी हादसों को रोकने के प्रयास करेंगे। -निखिल/ब्यावरा/24/3/2026