- दंतेवाड़ा पुलिस ने झारखंड से पकड़ा दंतेवाड़ा(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए झारखंड के कोडरमा जिले से आरोपी मुकेश कुमार सिंह (51) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ देश के कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं और उसने ऑनलाइन लालच देकर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। मामला बचेली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच आरोपी ने शिकायतकर्ता और उनके साथियों को टास्क पूरा करने पर रकम डबल करने का लालच देकर कुल 7,91,547 रुपये की ठगी की। शिकायत पर थाना में FIR दर्ज की गई। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा सहित 16 राज्यों में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपी तक पहुँच बनाई और 10 मार्च 2026 को झारखंड और बिहार में छापेमारी कर कोडरमा जिले के जयनगर निवासी मुकेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों और फर्जी लिंक के जरिए लोगों से रकम ठगी की। आरोपी के पास से 1 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड, 3 पैन कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस और 10,000 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026