बलौदाबाजार(ईएमएस)। जिले के सिमगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि पीड़िता ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 25 जनवरी को वह अपने माता-पिता के साथ मनकुदीप पिकनिक जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसके पति रिषभ मसीह उर्फ बंटी ने उस पर शक जताया कि वह किसी अन्य व्यक्ति से मिलने जा रही है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे अश्लील गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने हत्या की नीयत से पत्नी पर पेट्रोल डालकर माचिस जला दी। हालात बिगड़ते देख पीड़िता किसी तरह वहां से भाग निकली। पीड़िता का कहना है कि अगर वह समय रहते नहीं भागती, तो आरोपी उसे जिंदा जला देता। शिकायत के आधार पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 351(3) और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी रिषभ मसीह उर्फ बंटी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026