क्षेत्रीय
24-Mar-2026


रायपुर(ईएमएस)। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही मोबाइल ऐप के जरिए कुली बुक करने की सुविधा मिल सकती है। रायपुर रेल मंडल इसके लिए एक विशेष ऐप तैयार कर रहा है, जिसमें कुलियों का पूरा विवरण और तय किराया दर्ज रहेगा। नई व्यवस्था लागू करने से पहले रेलवे यात्रियों से फीडबैक ले रहा है। इसके लिए स्टेशन पर क्यूआर कोड के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा रहा है। ऐप शुरू होने के बाद यात्री ट्रेन के रायपुर रेलवे स्टेशन पहुँचने से पहले ही कुली बुक कर सकेंगे। ट्रेन के पहुंचते ही कुली संबंधित कोच और सीट तक पहुँच जाएगा। इससे यात्रियों को स्टेशन पर कुली खोजने की परेशानी नहीं होगी और किराए को लेकर मोलभाव या ओवरचार्जिंग जैसी शिकायतों में भी कमी आएगी। रेलवे के जन-सर्वेक्षण में यात्रियों से पूछा जा रहा है कि वे कितनी बार ट्रेन से यात्रा करते हैं, कुली सेवा का उपयोग करते हैं या नहीं, स्टेशन पर कुली खोजने में दिक्कत होती है या नहीं। इसके अलावा किराए की अधिक वसूली, मोलभाव, ऑनलाइन बुकिंग से समय की बचत, सुरक्षा और सुविधा शुल्क जैसी बातों पर भी राय ली जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026