राज्य
24-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली, यूपी और झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों में बारिश से गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली में गुरुवार को फिर से बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान और उत्तर भारत में मौसम बदला है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। देश के राजधानी दिल्ली सहित अलग-अलग राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। दिल्ली, यूपी, झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों में बेमौसम बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि, आईएमडी ने संकेत दिया है कि दो दिन बाद यानी कि गुरुवार को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है और गरज के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें भादरा (हनुमानगढ़) में सर्वाधिक 9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। जयपुर में सुबह से ही बूंदाबांदी, बादल और हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, भरतपुर और कोटा संभाग में आज भी हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आईएमडी का कहना है कि 26-27 मार्च को राजस्थान के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में फिर से हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 28 से 31 मार्च के बीच एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते राज्य के कई इलाकों में आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026