क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


कवर्धा(ईएमएस)। जिले के हरिनछपरा स्थित एक जनता राइस मिल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और स्थिति को काबू में करने में सहयोग करने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं स्थानीय लोग भी उनके साथ मिलकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और कारणों का आकलन किया जा सकेगा। यह घटना क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आग लगने के कारणों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026