राज्य
24-Mar-2026
...


- पथराव के बीच 37 मकानों पर चला बुलडोजर सरगुजा(ईएमएस)। जिले के गंगापुर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के लिए आबंटित 7 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को मंगलवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पथराव और हंगामे के बीच प्रशासन ने 37 अवैध मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह जैसे ही प्रशासन बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा, आक्रोशित लोग विरोध में उतर आए। कई लोग बुलडोजर के सामने खड़े हो गए, वहीं महिलाएं घरों के बाहर खड़ी होकर रोते-बिलखते हुए मकान न तोड़े जाने की गुहार लगाती नजर आईं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को हटाकर कार्रवाई का रास्ता साफ कराया। जानकारी के मुताबिक, गंगापुर में मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि पर वर्षों से 37 लोगों का कब्जा था। प्रशासन द्वारा पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कब्जाधारियों ने जमीन खाली नहीं की। एक सप्ताह पहले अंतिम नोटिस देने के बाद कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने जेसीबी और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिससे एक मशीन का फ्रंट मिरर टूट गया। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व फागेश सिन्हा और उमेश बाज कर रहे थे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अमोलक सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार, कब्जाधारियों को वर्ष 2000 में ही बेदखली का नोटिस दिया गया था, जिसके खिलाफ वे अदालत पहुंचे थे। बाद में 2025 में दोबारा सुनवाई के बाद सभी के खिलाफ बेदखली का आदेश जारी हुआ। हाल ही में हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई। पूर्व पार्षद बालकेश्वर तिर्की ने दावा किया है कि क्षेत्र में 60 से अधिक मकान हैं और प्रभावित परिवारों को उचित राहत नहीं मिली है। वहीं, प्रभावित लोगों का कहना है कि उनके पास अब रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं बचा है और वे मजबूरन झोपड़ी बनाकर रहने को विवश होंगे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026