राज्य
24-Mar-2026
...


- ओडिशा ले जाकर किया दुष्कर्म - पुलिस ने करीब 28 दिन बाद छात्रा को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया जशपुर(ईएमएस)। जिले में कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली एक छात्रा का एक युवक ने रास्ते में अपहरण कर ओडिशा ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने करीब 28 दिन बाद छात्रा को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना 24 फरवरी को कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र में हुई। छात्रा परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। शाम को स्कूल के एक शिक्षक ने परिवार को सूचना दी कि छात्रा परीक्षा में शामिल नहीं हुई। परिवार द्वारा पूछताछ में छात्रा की सहेलियों ने बताया कि वह स्कूल जाते समय लघुशंका के बहाने रुक गई और फिर स्कूल नहीं पहुंची। 25 फरवरी को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से पता चला कि छात्रा ओडिशा के एक गांव में इष्टा राणा नामक व्यक्ति के पास है। पुलिस ने दबिश देकर छात्रा को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपहरण, अनाचार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी से उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच महीनों से फोन पर बातचीत चल रही थी। परीक्षा वाले दिन आरोपी परीक्षा केंद्र के बाहर उससे मिला और फिर उसे अपने घर ओडिशा ले गया, जहां उसके साथ अनाचार किया गया। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026