- कांग्रेस सांसद ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा रायपुर(ईएमएस)। रायपुर एम्स में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की कमी का मामला राज्यसभा में चर्चा में आया। कांग्रेस सांसद फूलोदेवी नेताम ने शून्यकाल के दौरान अस्पताल की वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने और बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। सांसद नेताम ने कहा कि यदि किसी मरीज को समय पर इलाज नहीं मिलता, तो यह भी इलाज न देने के समान है। रायपुर एम्स में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर इलाज न मिल पाने की स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि एम्स में चिकित्सक के 305 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 190 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी और सर्जरी विभाग सबसे अधिक स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। नर्स, तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों के लिए 3,884 पद स्वीकृत हैं, जिनमें केवल 2,387 स्टाफ कार्यरत हैं और 1,497 पद खाली पड़े हैं। सांसद ने कहा कि चिकित्सक और सहायक स्टाफ की कमी के कारण ओपीडी में लंबी लाइनें लग रही हैं, ऑपरेशन और जांच में देरी हो रही है, और गंभीर मरीजों को भर्ती कराने पर भी अक्सर कहा जाता है कि बिस्तर उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने रिक्त पदों को भरने और बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की, ताकि मरीजों को समय पर और पूरा इलाज मिल सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)24 मार्च 2026