पुलिस को डीएनए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार भोपाल(ईएमएस)। तलैया थाना इलाके में स्थित मंदिर के नजदीक रविवार देर रात एक सफेद बोरी में संदिग्ध हालत में गौवंश के अवशेष मिलने के मामले में जोन-3 की आधा दर्जन टीमें अज्ञात आरोपियो की पहचान जुटाने में लगी है। पुलिस टीमें घटनास्थल के साथ ही वहॉ से गुजरने वाले सभी रास्तो पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले रही है। अधिकारियो का कहना है कि मामले की जॉच जारी है, और जल्द ही आरोपियो का सुराग जुटा लिया जायेगा। मौके से चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गय थे, फिलहाल पुलिस ने उन सैपंल के डीएनए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार काली जी मंदिर के पास छोटे तालाब किनारे एक बोरी संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। लोगों ने जब बोरी खोली तो उसमें बछड़े के अवशेष नजर आये। इसकी जानकारी लगते ही हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंचकर विरोध जताने लगे। उनका आरोप था, कि गौकशी कर बछड़े के अवशेष को बोरी में भरकर फेंका गया है। आक्रोशित संगठन ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन भी किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन के लिये अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बछड़े की हत्या की गई है, या किसी जंगली जानवर के हमले में उसकी मौत हुई है। वहीं हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है की जल्द ही कठोर कार्रवाई न होने पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। जुनेद / 24 मार्च