राज्य
24-Mar-2026


- गहन सत्यापन के बाद ही शुरू होगा योजना का क्रियान्वयन भोपाल (ईएमएस)। भावांतर योजना के सत्यापन की तारीख बढ़ाई गई है। पहले 23 मार्च अंतिम तिथि थी, जिसे बढ़ाकर एक अप्रैल तक कर दिया गया है। कृषि विभाग के अनुसार किसानों के पंजीयन की समीक्षा के दौरान यह पाया गया है कि जिलों में अपेक्षाकृत अधिक संख्या में पंजीयन हो रहे हैं। ऐसे में केवल पात्र किसानों को ही योजना का लाभ मिले, इसे सुनिश्चित करने के लिए पंजीकृत किसानों के सत्यापन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि योजना का क्रियान्वयन पंजीयन के गहन सत्यापन के पश्चात ही प्रारंभ किया जाएगा। इसीलिए सत्यापन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है। सरसों भावांतर योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी किसानों के डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं अन्य भू-अभिलेखों का गहन एवं सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण पंजीयन को समय रहते चिन्हित किया जा सके। 31 मार्च तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि 31 मार्च तक सभी पंजीकृत किसानों का सत्यापन कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल वास्तविक और पात्र किसानों को ही इस सरकारी योजना का लाभ समय पर मिल सके। विनोद / 24 मार्च 26