* गिर सोमनाथ में अवैध रिफिलिंग कर महंगे दामों पर बेच रहा था आरोपी, एसओजी की कार्रवाई में हुआ खुलासा गिरसोमनाथ (ईएमएस)| मिडिल ईस्ट में ईरान-इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर गुजरात में भी देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच गिरसोमनाथ जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। गिरसोमनाथ जिले के प्रभास पाटन पुलिस थाना क्षेत्र के सुपासी गांव में एसओजी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 38 वर्षीय लक्ष्मण उर्फ गोपाल वसाभाई बारड को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने गोदाम में अवैध रूप से घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की रिफिलिंग कर उन्हें अधिक कीमत पर काले बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने मौके से कुल 30 गैस सिलेंडर (खाली और भरे हुए) बरामद किए। इसके अलावा अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली 2 इलेक्ट्रिक मोटर, 4 रेगुलेटर-नली सेट और 1 वजन कांटा भी जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1,07,320 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं मिला, जिसके चलते उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जब्त सामान को आगे की जांच के लिए वेरावल ग्रामीण के मामलतदार को सौंप दिया गया है। गिरसोमनाथ पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संकट की इस घड़ी में जनता की जरूरतों का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। सतीश/24 मार्च