- आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंसर की सिकाई होगी पूरी तरह नि:शुल्क भोपाल (ईएमएस)। कैंसर की सिकाई (रेडियोथेरेपी) के लिए राज्य सरकार इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा में लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन लगाने जा रही है। मशीनें खरीदने के लिए शीघ्र ही टेंडर जारी होने वाले हैं। इसमें भोपाल को छोड़ दिया गया है। इन मशीनों से जांच प्रारंभ होने में अभी लगभग एक वर्ष लग जाएंगे, क्योंकि टेंडर के बाद लगभग छह माह में मशीनें आएंगी। इसके बाद उन्हें स्थापित करने और ट्रायल में लगभग छह माह लग जाएंगे। यानी अगले वर्ष मार्च तक ही सुविधा शुरू हो पाएगी। लगभग पांच वर्ष से लीनियर एक्सीलेरेटर मशीनें लगाने का प्रस्ताव घूम रहा है। सबसे पहले पीपीपी मोड से मशीनें लगाने की तैयारी थी। इसके लिए दो बार निविदा भी आमंत्रित की गई, पर कोई निवेशक नहीं आया। पिछले वर्ष तय हुआ कि सरकार खुद मशीनें स्थापित करेगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा शुरू होने से मध्यम और निम्न वर्ग के मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। निजी अस्पतालों के मुकाबले मात्र 15-20 प्रतिशत होगा शुल्क निजी अस्पतालों में सिकाई पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक खर्च होते हैं। सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों के लिए जांच की सुविधा नि:शुल्क रहेगी। अन्य के लिए कुछ शुल्क रखा जा सकता है, पर यह निजी अस्पतालों की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत ही रहेगा। इससे प्रदेश के कैंसर मरीजों को बेहतर और सस्ता इलाज मिल सकेगा। विनोद / 24 मार्च 26